राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े 15 लाख की लूट, तीन नकाबपोश बदमाश फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार दोपहर एक बड़ी और सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। पंडरी थाना क्षेत्र के कांपा रेलवे फाटक के पास बोरवेल कारोबारी चिराग जैन से तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने 15 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना इतनी सटीक योजना के तहत हुई कि पीड़ित को भनक तक नहीं लगी।

एक किलोमीटर तक पीछा कर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, आरोपी कारोबारी का करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह सुनसान जगह पहुंचे, बदमाशों ने उनकी कार को रुकवाया और गले पर हथियार रख धमकी दी—”चुपचाप बैठे रहो, वरना जान से मार देंगे।” इसके बाद उनके पास रखी रकम लेकर तीनों मौके से भाग निकले।

बिना नंबर प्लेट की बाइक, ‘BOSS’ लिखा था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर थे, जिस पर अंग्रेजी में “BOSS” लिखा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आशंका है कि आरोपी घटना के बाद शहर से बाहर निकल गए होंगे। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!