लो वोल्टेज और मच्छरों की दोहरी मार, कब मिलेगी राहत?



शहरवासी परेशान, नगर पालिका और बिजली विभाग पर फूट रहा गुस्सा

मुंगेली, 25 मार्च 2025: गर्मी के मौसम में एक ओर जहां मच्छरों का आतंक लोगों का जीना मुश्किल कर रहा है, वहीं बिजली की लो वोल्टेज समस्या ने भी परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में दिनभर कम वोल्टेज रहने से पंखे और कूलर तक नहीं चल पा रहे, ऊपर से मच्छरों ने रात की नींद भी उड़ा दी है। नगर पालिका और बिजली विभाग की अनदेखी से नाराज लोगों ने जल्द समाधान की मांग की है।

बिजली विभाग की लापरवाही— “शिकायतें हो रही अनसुनी”

शहर  और ग्रामीण के अन्य इलाकों के नागरिकों का कहना है कि लो वोल्टेज की शिकायत कई बार की गई, लेकिन बिजली विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा। कुछ क्षेत्रों में पंखे इतनी धीमी गति से चल रहे हैं कि गर्मी से राहत मिलना मुश्किल हो गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोड बढ़ने के कारण यह समस्या हो रही है, लेकिन स्थायी समाधान कब मिलेगा, इसका कोई जवाब नहीं है।

नगर पालिका की लापरवाही— “मच्छरों के खिलाफ अधूरी कार्रवाई”

इसी बीच नगर पालिका की लापरवाही से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। जहां कुछ वार्डों में नेताओं के दबाव के चलते बार-बार फॉगिंग की जा रही है, वहीं कई इलाकों में अभी तक एक बार भी दवा का छिड़काव नहीं हुआ। नगर पालिका ने स्टाफ और डीजल की कमी का बहाना बनाकर हाथ खड़े कर दिए हैं।

शहरवासी बोले— “कौन दिलाएगा निजात?”

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लो वोल्टेज और मच्छरों की दोहरी समस्या से उनका जीना मुश्किल हो गया है।

बिजली नहीं, तो मच्छरों से बचाव कैसे करें? गर्मी में पंखे और कूलर तक नहीं चल रहे, जिससे मच्छरों का असर और बढ़ गया है।

बीमारियों का बढ़ता खतरा— मच्छरों के कारण डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।

बिजली विभाग और नगर पालिका पर सवाल— नागरिकों ने पूछा कि आखिर कब तक वे इस परेशानी को झेलेंगे और कौन इसका समाधान करेगा?

नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पूरे शहर में फॉगिंग नहीं कराई गई और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे नगर पालिका और बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन करेंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब जागता है और लोगों को इस दोहरी मुसीबत से राहत मिलती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!