झांकियों और भक्ति से सराबोर हुआ कथा स्थल, चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्म की लीलाएं

मुंगेली। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन का आयोजन अत्यंत भावपूर्ण और भक्तिमय रहा। इस दिन कथा व्यास बाल व्यास गौरव दास जी महाराज (वृंदावन) ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की दिव्य कथा का वर्णन किया, जिसे सुनते ही पंडाल ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की’ जयकारों से गूंज उठा।

कथा के दौरान प्रस्तुत की गई श्रीकृष्ण जन्म की भव्य झांकी और नाट्य प्रस्तुति ने ऐसा माहौल बना दिया मानो पूरा कथा स्थल ही गोकुल बन गया हो। श्रद्धालु झूम उठे, बच्चों और महिलाओं ने विशेष रूप से राधा-कृष्ण स्वरूपों के दर्शन कर अभिभूत भाव से आशीर्वाद लिया।


कृष्ण जन्म के पश्चात शिव और मां काली की आकर्षक झांकियों का मंचन हुआ, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इन झांकियों ने न केवल धार्मिक रस उत्पन्न किया, बल्कि संस्कृति और भक्ति का अद्भुत संगम भी प्रस्तुत किया। दर्शकों ने झांकियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और पूरे आयोजन में अतिउत्साह से सहभागिता निभाई।

कथा के अंत में सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान की भक्ति में लीन हो गए।



कथा का आयोजन 11 जून 2025 तक प्रतिदिन किया जा रहा है। आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारें और इस दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर का लाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!