
मुंगेली।
मुंगेली जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा की गई कथित द्वेषपूर्ण एवं अनुचित निलंबन कार्रवाई के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रांत स्तरीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में बिलासपुर संभाग के समस्त पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 जनवरी 2026, सोमवार को मुंगेली CMHO कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष टारजन गुप्ता ने कहा कि संघ निलंबन जैसी दमनकारी कार्रवाई का पुरजोर विरोध करता है। जब तक संबंधित कर्मचारी की बहाली नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ी तो इसे और तेज किया जाएगा।
प्रदेश प्रवक्ता सुरेश पटेल ने आरोप लगाया कि निलंबन आदेश में महिला अधिकारी के साथ अनुचित एवं अनुशासनहीन व्यवहार का आरोप लगाते हुए CMHO द्वारा स्वयं ही निलंबन की कार्रवाई करना प्रथम दृष्टया द्वेषपूर्ण मंशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया नियमों के विपरीत और पूर्वाग्रह से प्रेरित प्रतीत होती है।प्रदेश उप प्रांताध्यक्ष मिर्जा कासिम एवं हरीश जायसवाल ने कहा कि कर्मचारियों को दबाने, डराने और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी कार्रवाई को संघ बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि प्रशासन ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया, तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।बैठक में उपस्थित बिलासपुर संभाग के संभागीय अध्यक्ष सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी आठ जिलों के जिलाध्यक्षों ने एक स्वर में निलंबन कार्रवाई की निंदा की। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही निलंबन वापस नहीं लिया गया, तो पूरे संभाग की स्वास्थ्य व्यवस्था को ठप करने के लिए संघ पूरी तरह तैयार है, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
संघ ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन कर्मचारी हितों, सम्मान और न्याय की लड़ाई है, जिसे अंतिम परिणाम तक पहुंचाया जाएगा।


