बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में हो रहे विशेष आयोजन


मुंगेली, 05 मार्च 2025, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च) के अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के तहत 03 मार्च को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करही, 04 मार्च को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, चातरखार तथा जवाहर नवोदय विद्यालय, दाबो में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा पर जोर

जिला कलेक्टर राहुल देव के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षित, जागरूक और सशक्त बनाना है। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा ने बताया कि यह अभियान न केवल बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा देगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगा।

महिला सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी श्रीमती सीतामणी कच्छप, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक सुश्री सुनीता दादवानी और लक्ष्मीनारायण सोनवानी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।

छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा

विशेषज्ञों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा, आत्मनिर्भरता और शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायक संदेश दिए। उन्होंने कहा कि हर बालिका को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए और समाज में अपनी भूमिका को मजबूती से स्थापित करना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालयों के प्राचार्य जे.एस. ध्रुव,  देवेन्द्र कुमार साहू, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह जागरूकता अभियान 08 मार्च तक जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और समुदायों में जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक बालिकाएं लाभान्वित हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!