ब्रेकिंग न्यूज

“भाजपा सरकार शराब बिक्री से कर रही महतारी वंदन की राशि की वसूली – संजय यादव”

मुंगेली। कांग्रेस जिला महामंत्री संजय यादव ने प्रदेश में 67 नई शराब दुकानें खोलने के निर्णय की कड़ी निंदा की है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार गांवों के शांत माहौल को शराब के जरिए अशांत करने की योजना बना रही है। भाजपा सरकार बनने के बाद से ही शराब की खपत बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश में सामाजिक संकट गहराता जा रहा है।



मुंगेली के ग्रामीण इलाकों में भी खुलेंगी शराब दुकानें

यादव ने कहा कि मुंगेली जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर नई शराब दुकानें खोली जाएंगी, जिससे गांवों में झगड़े, घरेलू हिंसा और अपराधों में बढ़ोतरी होगी। इससे सबसे ज्यादा महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी शराब की बुरी लत में फंस सकते हैं, जिससे उनके भविष्य पर गहरा असर पड़ेगा।

भूपेश सरकार में शराबबंदी को लेकर भाजपा ने किया था हल्ला

संजय यादव ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार के समय भाजपा नेताओं ने शराब के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किए थे। उस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर बड़े आंदोलन किए थे। महिलाओं का तर्क था कि शराब के कारण घर-परिवार में झगड़े, युवा वर्ग में अपराध और किशोरों में नशे की लत बढ़ रही है।

सरकार बदलते ही भाजपा को शराब में कोई बुराई नहीं दिख रही – यादव

संजय यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अब सरकार बदलते ही भाजपा नेताओं को शराब में कोई बुराई नजर नहीं आ रही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ‘महतारी वंदन’ योजना के तहत दी जाने वाली 1,000 रुपये की राशि की भरपाई शराब की बिक्री से करना चाह रही है।

कांग्रेस ने की शराब दुकान खोलने के फैसले को वापस लेने की मांग

संजय यादव ने भाजपा सरकार से नई शराब दुकानों को खोलने के फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने यह फैसला नहीं बदला, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!