पूर्व मंत्री की बहू आयशा मकबूल खान ने मुंगेली नगर पालिका उपाध्यक्ष पद की दावेदारी पेश कर राजनीतिक हलचल तेज!

मुंगेली। नगर पालिका चुनाव के बाद अब उपाध्यक्ष पद को लेकर सियासत गरमा गई है। 7 मार्च को होने वाले उपाध्यक्ष चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इस बीच पूर्व मंत्री मोहम्मद बशीर खान की बहू आयशा मकबूल खान ने कांग्रेस से अपनी दावेदारी पेश कर दी है।


पहली महिला उपाध्यक्ष बनने का दावा

वार्ड नंबर 11 (जवाहर वार्ड) से पार्षद बनीं आयशा मकबूल खान का कहना है कि आज तक नगर पालिका में कोई महिला उपाध्यक्ष नहीं बनी है और वह इस बदलाव की अगुवाई करना चाहती हैं। उन्होंने अपने परिवार की तीन पीढ़ियों से कांग्रेस के प्रति निष्ठा को भी अपनी दावेदारी की अहम वजह बताया। उनके पति मकबूल खान, सास जाहिदा बेगम और दादा ससुर मोहम्मद बशीर खान सभी कांग्रेस की सेवा कर चुके हैं।

कांग्रेस का पलड़ा भारी!

मुंगेली नगर पालिका के 22 वार्डों में कांग्रेस के 11 पार्षद जीतकर आए हैं, जबकि भाजपा के 10 पार्षद और 1 निर्दलीय पार्षद हैं। ऐसे में कांग्रेस की स्थिति मजबूत दिख रही है, लेकिन भाजपा भी जोड़-तोड़ में जुटी हुई है।

7 मार्च को किसके सिर सजेगा जीत का ताज?

अब सबकी निगाहें 7 मार्च को होने वाले उपाध्यक्ष चुनाव पर टिकी हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपने पत्ते खुलने के इंतजार में हैं। क्या मुंगेली को पहली महिला उपाध्यक्ष मिलेगी? या भाजपा कोई नया दांव खेलेगी? इस सवाल का जवाब चुनाव के नतीजे ही देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!