होली पर बछड़े की क्रूरता से हत्या, मुंगेली पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुंगेली। होली के अवसर पर जिले के हेड़सपुर (नवागांव) खार क्षेत्र में एक बछड़े की निर्दयता पूर्वक हत्या कर सिर धड़ से अलग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक सालिक राम घृतलहरे और उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। सायबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

घटना का खुलासा

16 मार्च को बजरंग दल के कार्यकर्ता मनीष वैष्णव द्वारा सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई कि हेड़सपुर खार में अज्ञात व्यक्तियों ने एक बछड़े की निर्ममता से हत्या कर उसके सिर को धड़ से अलग कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शव बरामद कर मामला दर्ज किया।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 92/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 299 बीएनएस, छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 10 और पशु क्रूरता अधिनियम 1966 की धारा 11 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी हैं:

  1. बबला उर्फ राजेश दिवाकर (42 वर्ष, हेड़सपुर, मुंगेली)
  2. जितू उर्फ जीतराम बारले (65 वर्ष, करहुल, बलौदाबाजार)
  3. प्रदीप मसीह (50 वर्ष, गणेशपुर, बलौदाबाजार)
  4. प्रवीण मसीह (50 वर्ष, गणेशपुर, बलौदाबाजार)
  5. सुशील जांगड़े (40 वर्ष, हेड़सपुर, मुंगेली)
  6. मेला राम दिवाकर (31 वर्ष, रामाकापा, मुंगेली)
  7. मनोज दिवाकर (40 वर्ष, रामाकापा, मुंगेली)
  8. अशोक उर्फ बैहा खांडे (50 वर्ष, रामाकापा, मुंगेली)

आरोपियों ने बछड़े की हत्या कर उसके मांस का उपभोग करने और विक्रय करने की मंशा जाहिर की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उपनिरीक्षक नंद लाल पैकरा, सुशील बंछोर, शोभा यादव, सउनि ईश्वर राजपूत, प्र.आर. दयाल गवास्कर, लोकेश राजपूत, यशवंत डाहिरे, नरेश यादव, रवि जांगड़े, अतुल ठाकूर, गिरीराज सिंह, हेमसिंह ठाकुर, योगेश यादव, अजय चन्द्राकर सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!