नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार एवं नक्शा बंटाकन के प्रकरणों का होगा त्वरित निराकरण



मुंगेली, 01 जनवरी 2025।
कलेक्टर राहुल देव के निर्देश पर जिले के सभी पटवारियों को फील्ड में जाकर बी-वन का वाचन करने और नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार एवं नक्शा बंटाकन के प्रकरणों का अभियान चलाकर त्वरित निराकरण करने का आदेश दिया गया है।

एसडीएम ठाकुर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक

पथरिया एसडीएम बी.आर. ठाकुर ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर इस अभियान की कार्ययोजना बनाई। उन्होंने निर्देश दिए कि पटवारी गांवों में जाकर बी-वन का वाचन करेंगे और जो खातेदार वाचन के समय उपस्थित नहीं होंगे, उनके घर-घर जाकर त्रुटि सुधार व फौती नामांतरण की जानकारी प्राप्त करेंगे। इस कार्य का दैनिक रिपोर्ट प्रतिदिन प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।

वीडियो कॉल से पटवारियों की उपस्थिति होगी सुनिश्चित

एसडीएम ठाकुर ने बताया कि सभी पटवारियों को वीडियो कॉल के माध्यम से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। तहसीलदार और नायब तहसीलदार को इस अभियान की सतत मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।

असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

एसडीएम ने थाना प्रभारियों की बैठक लेकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को कहा है। राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों को ऐसे तत्वों की सूची तैयार कर देने के निर्देश दिए गए हैं।

शैक्षणिक संस्थाओं के पास नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध

कलेक्टर के निर्देश पर शैक्षणिक संस्थाओं के 100 मीटर के दायरे में गुटखा, तंबाकू जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और संबंधित दुकानों व ठेला संचालकों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

धान खरीदी और अवैध परिवहन पर सख्ती

धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने, नियमित भौतिक सत्यापन, और अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

इस बैठक में पथरिया तहसीलदार श्रीमती छाया अग्रवाल, सरगांव तहसीलदार अतुल वैष्णव सहित अन्य राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!