चेट्री चंद्र महोत्सव में श्रद्धा और उल्लास की झलक, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला व सभापति सूरज यादव रहे शामिल

मुंगेली। भगवान झूलेलाल की 1075वीं जयंती के अवसर पर नगर में चेट्री चंद्र महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत इस भव्य आयोजन में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रोहित शुक्ला और सभापति सूरज यादव विशेष रूप से शामिल हुए।



नगर में निकाली गई बहराणा साहब की झांकी आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों ने “जय झूलेलाल” के जयघोष से माहौल को भक्तिमय बना दिया। सिंधी समाज के युवाओं ने डांडिया नृत्य कर उत्सव को और भी उल्लासमय बना दिया, जबकि रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने पूरे नगर को रोशनी से सराबोर कर दिया।


इस पावन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला और सभापति सूरज यादव ने भगवान झूलेलाल की झांकी के दर्शन किए और समाज को पर्व की शुभकामनाएं दीं। रोहित शुक्ला ने सिंधी समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्व भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है। वहीं, सभापति सूरज यादव ने झूलेलाल जी के आशीर्वाद से नगर में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।


भव्य शोभायात्रा और श्रद्धालु भक्तों के उत्साह ने नगर को भक्तिमय बना दिया। पूरे माहौल में आस्था, आनंद और उल्लास की अनूठी छटा बिखर गई, जिससे नगरवासियों ने इस ऐतिहासिक पर्व को पूरी श्रद्धा और उमंग के साथ मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!