भीषण गर्मी से बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी – प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने मांगी छुट्टियों की घोषणा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ऐसे में गर्मी का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों पर देखने को मिल रहा है। तेज गर्मी और लू की वजह से कई स्कूलों में बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आ रही हैं।



बच्चों की सेहत को लेकर चिंता जाहिर करते हुए छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रदेश के सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों की घोषणा की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि अत्यधिक गर्मी में स्कूल जाना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है।

पत्र में कहा गया है कि बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी डिहाइड्रेट होता है और उनमें बीमारियों से लड़ने की क्षमता भी कम होती है। गर्मी में हीट स्ट्रोक और अन्य बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है।

एसोसिएशन ने निवेदन किया है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार तत्काल प्रभाव से सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा करे।

वहीं, कई जिलों के अभिभावकों ने भी सोशल मीडिया और प्रशासन के माध्यम से इसी तरह की मांग उठाई है। अब देखना होगा कि सरकार इस पर कितनी जल्दी और क्या निर्णय लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!