कलेक्टर ने जिले के स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, कई अधिकारियों को नोटिस जारी


स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति एवं अव्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश, आयुष्मान कार्ड बनाने पर दिया जोर

मुंगेली, 21 मई 2025 // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विकासखण्डों के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में मानव संसाधन, दवाइयों की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।



इस क्रम में कलेक्टर ने मुंगेली विकासखण्ड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरहागांव का निरीक्षण किया, जहां डॉक्टर अनुपस्थित मिले। लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और ड्रेसर कार्य के प्रति लापरवाह दिखे तथा चिकित्सा उपकरणों का संचालन भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य भी नहीं हो रहा था, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों से लोग बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए।



CMHO, DPM, BMO सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों व CMO को कारण बताओ नोटिस जारी

निरीक्षण के दौरान पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पोषण पुनर्वास केंद्र में फैली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने CMHO डॉ. प्रभातचन्द्र प्रभाकर, DPM गिरीश कुर्रे, BMO पथरिया ए.आर. बंजारा, और BPM निमेष मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने रिफर सेंटर बनाए जाने और पोस्टमार्टम के लिए पैसे लिए जाने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।

नगर पंचायत पथरिया की गंदगी और मवेशियों की समस्या पर CMO को नोटिस

कलेक्टर ने नगर पंचायत पथरिया में फैली गंदगी और सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत के CMO को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करने को कहा।

इस अवसर पर एसडीएम पथरिया अजय शतरंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!