निर्माण कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, मुंगेली सीएमओ और इंजीनियरों को नोटिस

मुंगेली, 30 मई 2025// कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में नगरीय निकाय, पीडब्ल्यूडी, आरईएस, पीएमजीएसवाय सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में किए जा रहे निर्माण कार्यों की घोषणाओं की प्रगति, नगरीय निकायवार तथा विभागवार स्वीकृत, पूर्ण, प्रगतिरत और अप्रारंभ कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।



कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों को लक्ष्य के अनुरूप, उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर पालिका मुंगेली अंतर्गत निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और नगर पालिका मुंगेली के सीएमओ आशीष तिवारी, असिस्टेंट इंजीनियर प्रवीण साहू तथा सब इंजीनियर नेमीचंद वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करें। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण को प्राथमिकता देने, जल संचयन और बोर रिचार्ज के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर उसे क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आदिवासी विकास विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता और जनपद पंचायत मुंगेली, लोरमी, पथरिया तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!