
मुंगेली। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सेवा भारती मुंगेली द्वारा नगर में बेजुबान पशुओं के लिए कोटना (चारा पात्र) रखने की पहल की गई है। इस वर्ष नगर के विभिन्न स्थानों पर लगभग 100 से 150 कोटना रखे जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजेंद्र वैष्णव द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सेवा भारती पिछले कई वर्षों से मुंगेली नगर में निरंतर सेवा कार्य कर रही है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी।
इस पहल का उद्देश्य नगर में घूमने वाले गौवंश एवं अन्य पशुओं को भोजन की सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें भटकना न पड़े और उनका संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आकाश सोनी, अन्नू तंबोली, गजेंद्र साहू, राहुल पाठक, हीरालाल तथा वार्ड पार्षद निमेश देवांगन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


