
रायपुर: रायपुर दक्षिण उपचुनाव में कांग्रेस जीत के दावे कर रही है। कांग्रेस का दावा है कि छत्तीसगढ़ में 11 महीने की बीजेपी सरकार से जनता ग्रस्त हो गई है और राज्य में बदलाव के लिए वोटिंग की है। इसी बीच अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। दीपक बैज के अध्यक्ष बनने के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा नहीं की गई थी। ऐसे में नगरीय निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस अपने संगठन में बदलाव कर सकती है। कांग्रेस की लिस्ट रायपुर दक्षिण उपचुनाव सीट के रिजल्ट के बाद जारी हो सकती है। संगठन इसके लिए लिस्ट तैयार कर चुका है।
सूत्रों के अनुसार, संगठन ने बदलाव के लिए होमवर्क पूरा कर लिया है। इसके लिए लिस्ट पहले से तैयार की गई थी लेकिन उपचुनाव को देखते हुए टाल दिया गया था। माना जा रहा है कि नंवबर के लास्ट या फिर दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में लिस्ट जारी हो सकती है। संगठन में बदलाव को लेकर पूरे प्रदेश में प्रभारी सचिवों की बैठक हो चुकी है।
शीर्ष नेतृत्व में बदलाव को दी मंजूरी
छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर शीर्ष नेतृत्व ने अपनी सहमति दे दी है। सचिन पायलट ने पहले ही प्रदेश नेतृत्व को हाई कमान के फैसले की जानकारी दे दी थी। माना जा रहा है कि नई लिस्ट में कांग्रेस के 50 फीसदी जिला अध्यक्षों को बदला जा सकता है। नगरीय निकाय चुनाव में अभी वक्त है और ऐसे में लिस्ट जारी कर कांग्रेस डैमेज कंट्रोल की भी कोशिश करेगी।
क्यों बदले जाएंगे जिला अध्यक्ष
दीपक बैज के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस को विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। हार के बाद समीक्षा की गई थी। समीक्षा में यह पाया गया कि संगठन के पैमाने में जो नेता बैठ नहीं रहा उसे पद से हटाया जाए। हार की समीक्षा के दौरान कई जिलों में इसकी भी शिकायत आई थी कि चुनाव के समय जिला अध्यक्षों की भूमिका समिति थी जिस कारण से पार्टी को नुकसान हुआ ता।
दीपक बैज के 16 महीने का कार्यकाल पर नहीं बनी टीम
दीपक बैज जुलाई 2023 में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। मोहन मरकाम की जगह उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। वहीं, मोहन मरकाम को भूपेश बघेल की कैबिनेट में शामिल किया गया था। दीपक बैज के कार्यकाल को 16 महीने का वक्त हो गया है लेकिन नई टीम की घोषणा नहीं की गई है। अब जल्द ही नई टीम की घोषणा की जा सकती है।
प्रदेश कांग्रेस संगठन अब पुराने चुनाव अनुभव से सबसे लेते हुए ऐसे लोगों को जिम्मेदारी देने जा रही है जो लोग फील्ड में एक्टिव हैं और संगठन के पैमाने पर काम कर रहे हैं। संगठन ने जो सूची तैयार की है उसमें युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है।