
रायपुर दक्षिण विधानसभा के संग्राम के बाद होगी छत्तीसगढ़ में निगम-मंडल की नियुक्तियां
रायपुर-दक्षिण उपचुनाव के चलते छत्तीसगढ़ के 33 निगम-मंडलों की नियुक्तियां टल गई हैं। निकाय चुनाव से पहले इनकी घोषणा की जा सकती है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की सिफारिशें जारी हैं, जबकि नियुक्तियों में अच्छे प्रदर्शन करने वाले नेताओं को प्राथमिकता मिल सकती हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 33 निगम-मंडल में होने वाली नियुक्तियों पर अब रायपुर-दक्षिण उपचुनाव की तलवार लटक गई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि उपचुनाव के बाद ही अब निगम-मंडल में नियुक्तियां होने की उम्मीद है। लेकिन इतना जरूर है कि निकाय चुनाव के पहले ये नियुक्तियां हो जाएंगी। इनमें नियुक्तियों के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही प्रवक्ता व संगठन में काम करने वाले लोग है।प्रदेश के इन निगम-मंडल में नियुक्तियों के लिए सिफारिशें भी पुरजोर तरीके से की जा रही है। इतना तो तय माना जा रहा है कि निकाय चुनाव के पहले ये सूची जारी की जा सकती है। भाजपा के लिए निगम-मंडल में नियुक्तियां चुनौती बनती जा रही है। वहीं इन दिनों इंटरनेट मीडिया में इन दिनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को कमान सौंपे जाने का विरोध भी शुरू हो गया है।इस बात की चर्चा जोरों पर है कि निगम-मंडल की सूची भी तैयार हो गई है और नाम लगभग तय हो गए है, लेकिन रायपुर दक्षिण के संग्राम को देखते हुए कुछ समय के लिए इसे टाला गया है। इसके साथ ही यह भी ध्यान रखा जा रहा है कि आने वाले दिनों में नगरीय निकाय चुनाव भी होने है।
अभी भी पेश कर रहे दावा
रायपुर दक्षिण का प्रत्याशी तय होने के बाद अब निगम-मंडल के लिए दावा किया जा रहा है। ऐसे लोग अपना दावा पेश कर रहे है जिन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में प्रवेश किया था। इसके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता तो लगे ही हुए है।
इन्हें मिल सकता है ईनाम
निगम-मंडल में उन नेताओं को जगह मिलने की चर्चा है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया था।
