
मुंगेली।
छत्तीसगढ़ आरक्षक भर्ती में गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। भर्ती सत्र 2023–24 के तहत आयोजित शारीरिक परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए इसकी CBI जांच की मांग की है। इस संबंध में जिला मुंगेली के पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपा गया।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि शारीरिक परीक्षा 16 नवंबर 2024 से 21 जनवरी 2025 तक छत्तीसगढ़ के 9 केंद्रों—रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित अन्य स्थानों पर आयोजित की गई थी। आरोप है कि पहले चरण में गड़बड़ी सामने आने के बाद परीक्षा को निरस्त कर पुनः परीक्षा कराई गई, लेकिन दूसरी बार भी गंभीर अनियमितताएं हुईं।
आवेदन के अनुसार, कुछ केंद्रों पर CCTV फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग में हेरफेर का आरोप लगाया गया है। कई अभ्यर्थियों के नंबर बदले जाने, मेरिट सूची में गड़बड़ी, तथा प्रभावशाली लोगों के बच्चों को लाभ पहुंचाने की शिकायत की गई है। यह भी आरोप है कि लगभग 3000 अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है।
अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होने की स्थिति में वे प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। आवेदन में मांग की गई है कि पूरे मामले की CBI या न्यायिक जांच कराई जाए, ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच की संभावना जताई जा रही है।


