मुंगेली में सड़कों पर मवेशियों की बढ़ती समस्या पर गौ सेवा धाम ने सौंपा ज्ञापन, स्थायी गौशाला की मांग

मुंगेली, 19 मई 2025:

मुंगेली। नगर क्षेत्र में सड़कों पर छोड़े गए मवेशियों के कारण बढ़ते हादसों और सार्वजनिक असुविधा को लेकर आज गौ सेवा धाम मुंगेली संस्था ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में न केवल मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताई गई, बल्कि घायल, बीमार एवं असहाय गौवंशों के संरक्षण के लिए स्थायी गौशाला भूमि आवंटित करने की भी माँग की गई।



संस्था ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार वाहनों से टकराकर चार से अधिक मवेशियों की मृत्यु हो चुकी है। इससे न केवल पशुओं की जान जा रही है, बल्कि वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ रही है। गौ सेवा धाम ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए मांग की कि जो व्यक्ति जानबूझकर अपने मवेशियों को सड़कों और हाइवे पर छोड़ते हैं, उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, ऐसे पशुओं को जब्त कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।



ज्ञापन में इस बात पर भी जोर दिया गया कि यदि कोई व्यक्ति अपने मवेशियों का पालन नहीं कर पा रहा है, तो उन्हें सड़क पर मरने के लिए न छोड़े, बल्कि उन्हें गौशालाओं तक पहुँचाने की जिम्मेदारी निभाए। इसके लिए प्रशासन को भी उचित व्यवस्था करनी चाहिए।

इसी क्रम में संस्था ने बीमार, घायल व असहाय गायों की सेवा के लिए एक स्थायी गौशाला भूमि की मांग की। गौ सेवा धाम ने बताया कि वे वर्षों से नगर क्षेत्र में गौसेवा कर रहे हैं और गंभीर अवस्था में पाई गई गायों को प्राथमिक चिकित्सा,

इलाज और देखभाल की सुविधाएँ उपलब्ध कराते हैं। किंतु भूमि की अनुपलब्धता के कारण सेवाओं के संचालन में लगातार कठिनाइयाँ आ रही हैं।


संस्था ने नगर पालिका परिषद से निवेदन किया कि नगर क्षेत्र में सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए एक उपयुक्त स्थल स्थायी गौशाला के लिए आवंटित किया जाए, जहाँ 24 घंटे पशुसेवा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!