ब्रेकिंग न्यूज

उप मुख्यमंत्री अरुण साव व पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने स्व. प्रेम सिंह बघेल को अर्पित की श्रद्धांजलि

मुंगेली।


जिले के प्रतिष्ठित मालगुजार, धर्मनिष्ठ एवं समाजसेवी व्यक्तित्व स्वर्गीय प्रेम सिंह बघेल जी के निधन पर शोक व्यक्त करने हेतु उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ग्राम बांकी पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोकाकुल बघेल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा स्व. प्रेम सिंह बघेल जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि स्व. प्रेम सिंह बघेल जी का संपूर्ण जीवन धर्म, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व से ओत-प्रोत रहा। वे समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहे। नेताओं ने उनके सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व का जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।


उन्होंने बताया कि वर्ष 1981 में स्व. प्रेम सिंह बघेल जी द्वारा आयोजित यज्ञ में करपात्री जी महाराज सहित देश के चारों पीठों के शंकराचार्यों का आगमन हुआ था, जो उनकी गहरी धार्मिक आस्था और सामाजिक प्रतिष्ठा को दर्शाता है।


गौरतलब है कि स्व. प्रेम सिंह बघेल जी न्यूज 24 के एडिटोरियल डायरेक्टर मनोज सिंह बघेल, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष शिवप्रताप सिंह, IBC 24 न्यूज के जिला संवाददाता इंद्राज सिंह, रणजीत सिंह, बलराज सिंह तथा सामाजिक कार्यकर्ता रामपाल सिंह के पिता थे।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!