सहकारी समितियों को सशक्त बनाने कलेक्टर ने दिए निर्देश,जिला सहकारी विकास समिति की बैठक सम्पन्न, सहकारिता आधारित कैलेंडर का विमोचन

मुंगेली, 28 फरवरी 2025// जिला कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में कलेक्टर राहुल देव की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘‘सहकार से समृद्धि’’ के विजन को साकार करने हेतु विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।



कलेक्टर ने सहकारी आंदोलन को मजबूती प्रदान करने और इसे जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्राम पंचायतों में बहुद्देशीय समितियों की स्थापना, स्व सहायता समूहों को सहकारी समितियों के रूप में पंजीकृत करने तथा प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (PACS) के कंप्यूटराइजेशन की दिशा में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी समितियों को ई-डिस्ट्रिक्ट में पंजीयन कराने के लिए कहा, जिससे समिति के सदस्य ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं का लाभ उठा सकें। इस दौरान कलेक्टर ने सहकारिता गतिविधियों पर आधारित जिले द्वारा निर्मित कैलेंडर का भी विमोचन किया।



बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त  हितेश श्रीवास ने जानकारी दी कि जिले में अब तक 100 से अधिक सहकारी समितियां गठित की जा चुकी हैं, जिनमें पैक्स, लैंप्स एवं दुग्ध समितियां शामिल हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र योजना के तहत समितियों द्वारा दवा दुकानों का भी संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों के कॉमन सर्विस सेंटर में आईडी बनाए जा रहे हैं तथा पैक्स के कंप्यूटराइजेशन का कार्य भी प्रगति पर है। कलेक्टर ने सहकारी समितियों को सशक्त और मजबूत बनाने के लिए ठोस कार्य योजना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!