
मुंगेली, 23 फरवरी 2025 // विश्व हिन्दू परिषद दुर्गावाहिनी द्वारा माता जीजाबाई बाल संस्कार केंद्र की स्थापना की गई है, जहां सप्ताह में दो दिन गुरुवार और रविवार को बच्चों को धर्म और संस्कृति से जुड़ी शिक्षा दी जा रही है। इस केंद्र में हनुमान चालीसा, श्री राम स्तुति, मंत्रों का उच्चारण, धार्मिक प्रेरणास्त्रोत, आगमिक धार्मिक त्यौहारों की जानकारी, शिष्टाचार और अनुशासन जैसी महत्वपूर्ण शिक्षाएं दी जाती हैं, जिससे बच्चों में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास हो सके।
बाल संस्कार केंद्र का संचालन जिला बाल संस्कार केंद्र प्रमुख छाया सोनी और नगर बाल संस्कार केंद्र प्रमुख जान्हवी ठाकुर द्वारा किया जा रहा है। यह केंद्र सोनार पारा राम मंदिर में शाम 5 से 6 बजे तक संचालित होता है।
बाल संस्कार केंद्र का उद्देश्य
इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और नैतिकता से परिचित कराना है, ताकि वे अपने जीवन में अनुशासन, शिष्टाचार और परंपराओं का पालन कर सकें। इस पहल के माध्यम से बच्चों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
संस्था का मानना है कि आज के दौर में बच्चों को सही दिशा में मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है, ताकि वे अपनी जड़ों से जुड़े रह सकें और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ा सकें।