ब्लॉक लोरमी में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 सफलतापूर्वक संपन्न,निर्वाचन अधिकारियों और मतदान दलों ने साझा किए अनुभव



मुंगेली, 23 फरवरी 2025 // ब्लॉक लोरमी में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 पूरी तरह से सफल रहा। मतदान प्रक्रिया की शुरुआत से लेकर अंतिम चरण के परिणामों की घोषणा तक सभी कार्य सुगमतापूर्वक संपन्न हुए। जिले में सबसे अधिक करीब 9 लाख बैलट पेपर का उपयोग किया गया। निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों—मतदान दलों के प्रशिक्षण, नामांकन प्रक्रिया, वितरण एवं वापसी केंद्रों की व्यवस्थाओं, मतगणना, और लॉजिस्टिक सुविधाओं—का कुशल संचालन किया गया। पूरे निर्वाचन प्रबंधन की सराहना लोरमी, जिला मुंगेली से लेकर रायपुर प्रदेश मुख्यालय तक की जा रही है।

सफल निर्वाचन का श्रेय टीम वर्क को



ब्लॉक लोरमी में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर श्री शेखर पटेल के नेतृत्व में निर्विघ्न रूप से आयोजित की गई। उनके सहयोगी के रूप में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, पंचराम घृतलहरे, शांतनु तारम, प्रभारी तहसीलदार, महेत्तर प्रसाद कौशिक, नायब तहसीलदार  चंद्रप्रकाश सोनी, प्रकाश यादव, एवं मास्टर ट्रेनर राघवेन्द्र सोनी, जी. एल. डड़सेना, प्रमोद नामदेव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और निर्वाचन को सफल बनाने में उत्कृष्ट कार्य किया।



निर्वाचन अधिकारियों और मतदान दलों ने साझा किए अनुभव

निर्वाचन के सफल संचालन पर विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी:



रिटर्निंग ऑफिसर शेखर पटेल ने कहा—
“त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन लोरमी 2025 पूरी तरह से सफल रहा। इसे सफल बनाने में लोरमी की पूरी टीम ने कड़ी मेहनत की। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, मास्टर ट्रेनर से लेकर प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की मेहनत रंग लाई।”

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने कहा—
“ब्लॉक लोरमी के त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 का प्रबंधन बेहतरीन रहा और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।”

पीठासीन अधिकारी कृष्ण कुमार राजपूत (मतदान केंद्र क्रमांक 376, पूर्व माध्यमिक शाला, पठारीकापा) ने कहा—
“लोरमी जनपद पंचायत क्षेत्र में मतदान दलों की भोजन, रहने, साफ-सफाई और मानदेय भुगतान जैसी सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से हुईं। पेटी जमा करने तक किसी को कोई परेशानी नहीं हुई।”

गवर्नमेंट एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण कुमार नवरंग ने कहा—
“इस बार निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान रहने और भोजन की व्यवस्था काफी बेहतर रही। मतदान भी सुचारू रूप से संपन्न हुआ। इसमें शामिल सभी अधिकारी-कर्मचारी, सफाई कर्मचारी, स्व-सहायता समूह, बस चालक, सचिवों एवं सहयोगियों का आभार।”

सभी स्तरों पर निर्वाचन प्रक्रिया की सराहना

ब्लॉक लोरमी में निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता इस बात का प्रमाण है कि जिला प्रशासन, निर्वाचन आयोग और मतदान दलों के आपसी समन्वय और बेहतर प्रबंधन के कारण चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ। यह चुनावी व्यवस्था पूरे जिले और राज्य में एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!