

नया रायपुर।
वेटरन्स डे के अवसर पर नया रायपुर में COSA के तत्वावधान में भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कोसा कमांडर ब्रिगेडियर जे.एस. बाबा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें 650 से अधिक भूतपूर्व सैनिकों ने सहभागिता की। आयोजन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा-भाव का जीवंत प्रतीक बना।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल जिंदल ने अपने संबोधन में भूतपूर्व सैनिकों के योगदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया। राज्य सैनिक बोर्ड के निर्देशक ब्रिगेडियर विवेक शर्मा (VSM), सेवानिवृत्त ने सैनिक कल्याण, अधिकारों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पूर्व सैनिकों को जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में होम डिपार्टमेंट की स्पेशल सेक्रेटरी नेहा चंपावत की विशिष्ट उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ी। इस अवसर पर भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक संतोष साहू ने भूतपूर्व सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग और अनुशासन समाज एवं युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है

।
समारोह के दौरान राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना रहा और ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजकों ने इसे सैनिक एकता, आत्मगौरव और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक बताया।


