
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में पथरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत भटगांव में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में आसपास के 12 से अधिक ग्रामों से हिन्दू समाज के माता-बहनें, पुरुष एवं वृद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान श्रीराम के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता आचार्य-सत्संग एवं आध्यात्म विज्ञान के विद्वान श्री पीताम्बर सिंह ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में संदीप ताम्रकार (जिला सामाजिक सद्भाव प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जिला मुंगेली) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा सुंदर गायन व देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया गया। पंथी नृत्य ने उपस्थित जनसमूह का विशेष ध्यान आकर्षित किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री पीताम्बर सिंह ने हिन्दू धर्म के मूल तत्वों पर प्रकाश डालते हुए रामायण, गीता एवं भागवत से संबंधित अनेक प्रेरक प्रसंगों की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता संदीप ताम्रकार ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दू धर्म सदैव सभी को साथ लेकर चलने वाला धर्म है। आज देशभर में हिन्दू समाज में एकजुटता बढ़ी है और लोग सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता कर रहे हैं। उन्होंने अपनी संस्कृति, परंपरा एवं रीति-रिवाजों के अनुरूप जीवन जीने तथा सामाजिक जीवन में बिना भेदभाव के समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने पंच परिवर्तन के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य एवं स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही धर्मांतरण के विषय पर चेतावनी देते हुए कहा कि हिन्दू समाज को संगठित होकर ऐसे प्रयासों के विरुद्ध जागरूकता के साथ खड़ा होना होगा।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। संचालन कोंडाराम साहू ने किया एवं आभार प्रदर्शन रोहित सिंह ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बिलासपुर विभाग सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख रामावतार साहू, दिनेश शर्मा, विश्राम सिंह, रामावतार सिंह, रुपलाल, भरत साहू, अमित साहू, संजू यादव, चैतराम साहू, मन्नू साहू, सुरेंद्र साहू, संजय, भोला, अनुराग, रवि, करन, महानंद श्रीवास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


