मुंगेली में भगवान जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा निकली— नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने लिया आशीर्वाद, पूरे नगर में दिखा भक्तिमय उत्साह

मुंगेली।श्री भगवान जगन्नाथ जी की पारंपरिक भव्य रथयात्रा शुक्रवार को पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। नगर के दाऊपारा स्थित महामाई मंदिर से विधिवत पूजन और आरती के बाद रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा पड़ाव चौक से होते हुए नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए संपन्न हुई।



इस दौरान पूरा मुंगेली नगर भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। नगरवासी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए, पुष्पवर्षा की गई और प्रसाद वितरण कर भगवान का स्वागत किया गया। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर ध्वनि ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने भी यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ जी का दर्शन किया एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने नगरवासियों को इस शुभ अवसर की शुभकामनाएं दीं और कहा कि “ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सद्भाव, आस्था और संस्कृति की भावना को बल मिलता है।”और साथ में पार्षद प्रतिनिधि अन्नू साहू उपस्थित रहे।

यात्रा के सफल संचालन में धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की सराहनीय भूमिका रही। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्वक और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई।

भगवान जगन्नाथ जी की इस ऐतिहासिक रथयात्रा ने नगरवासियों को धर्म और भक्ति के मार्ग पर एकजुट किया तथा पूरे मुंगेली को आस्था के रंग में रंग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!