ब्रेकिंग न्यूज

शराब दुकान खोलने के विरोध में ग्राम सिपाही के ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन आंदोलन 14 से

महिलाएं और छात्राएँ होंगी शामिल — प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर सड़क पर उतरेंगे ग्रामीण

मुंगेली।
ग्राम सिपाही (जिला मुंगेली) के ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र में शराब भठ्ठी (शराब दुकान) खोले जाने के विरोध में 14 नवंबर से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन, कलेक्टर और आबकारी विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की थी कि प्रस्तावित शराब दुकान को तत्काल निरस्त किया जाए, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

ग्राम सिपाही के समीप नेशनल हाईवे 130-ए (कबीरधाम–बिलासपुर मार्ग) पर प्रस्तावित शराब दुकान खोले जाने से आसपास के स्कूलों, कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों में अध्ययनरत छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से पूरे जिले को जोड़ने वाला प्रमुख जीवनमार्ग प्रभावित होगा और सामाजिक अपराधों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

ग्रामवासियों ने निर्णय लिया है कि यदि 14 नवंबर 2025 को दोपहर 12 बजे तक प्रशासन इस मुद्दे पर बातचीत नहीं करता, तो उसी दिन दोपहर 2 बजे से ग्राम सिपाही में शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रारंभ किया जाएगा। आंदोलन पूरी तरह से अहिंसक एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि “हमारी मांग स्पष्ट है — ग्राम में किसी भी स्थिति में शराब दुकान नहीं खुलनी चाहिए। यह हमारी आने वाली पीढ़ी और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!