नागोपहरी में 297 वोटों से बड़ी जीत, बारमते परिवार की लोकप्रियता बरकरार
मुंगेली, 23 फरवरी 2025: जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 3 नागोपहरी से जानकी नेमसिंह बोगी बारमते ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से पराजित किया। उन्होंने 297 वोटों के अंतर से जीत हासिल कर क्षेत्र में अपनी लोकप्रियता और जनता के विश्वास को साबित किया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर जश्न मनाया गया और क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।

जनता का आभार, विकास कार्यों का संकल्प
अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए जानकी नेमसिंह बोगी बारमते ने कहा, “यह जीत मेरी नहीं, बल्कि क्षेत्र की देवतुल्य जनता की है। मैं सभी मतदाताओं का दिल से धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। आने वाले समय में मैं पूरी ईमानदारी से क्षेत्र के विकास और जनहित में कार्य करूंगी।”
बारमते परिवार का जनपद पंचायत में लगातार वर्चस्व
बारमते परिवार को पिछले 25 वर्षों से जनता का आशीर्वाद मिलता आ रहा है। वर्ष 2001 से 2005 तक चंद्रभान बारमते जनपद सदस्य रहे और 2003 में विधायक बने। 2011 से 2015 तक कूलेश्वर बारमते जनपद सदस्य रहे, जिसके बाद 2015 से 2020 तक अनिता कूलेश्वर बारमते ने जनपद सदस्य का पद संभाला। 2020 से 2025 तक फिर से कूलेश्वर बारमते जनपद सदस्य रहे और अब 2025 में परिवार की भतीजे बहू जानकी बोगी बारमते को जनता ने अपना प्रतिनिधि चुना है।
जनता को विकास कार्यों की उम्मीद
इस चुनाव में जानकी नेमसिंह बोगी बारमते का मुकाबला कई मजबूत प्रत्याशियों से था, लेकिन उन्होंने अपनी सूझबूझ, जनसंपर्क और विकास की प्रतिबद्धता के दम पर शानदार विजय हासिल की। उनकी जीत से नागोपहरी क्षेत्र में नई उम्मीदें जागी हैं और जनता को उनसे विकास कार्यों की बड़ी अपेक्षाएं हैं।
समर्थकों में जोश, बधाइयों का तांता
जानकी नेमसिंह बोगी बारमते की इस जीत पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने उन्हें बधाइयाँ दीं और उनके नेतृत्व की सराहना की। उनकी इस ऐतिहासिक जीत ने यह साबित कर दिया कि जनता ने विकास के लिए उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है।