
मुंगेली।
उन्नाव रेप प्रकरण के दोषी एवं भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत के विरोध में मुंगेली जिला युवा कांग्रेस द्वारा बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने परशुराम चौक से स्वर्ण जयंती चौक तक केंडल मार्च निकालकर जमानत रद्द करने और पीड़िता को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
यह कार्यक्रम जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजेश छैदईया के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं जिला पंचायत सदस्य व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस लक्ष्मीकांत भास्कर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम प्रदेश प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मंडारे, प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और जिला प्रभारी नजरुल इस्लाम के निर्देशन में संपन्न हुआ।
केंडल मार्च के दौरान प्रदेश सचिव लक्ष्मीकांत भास्कर ने कहा कि जघन्य महिला अपराध में दोषसिद्ध अपराधी को जमानत मिलना सरकार की नीयत और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सरकार पर अपराधियों को बचाने का आरोप लगाते हुए दोषी की जमानत रद्द करने और पीड़िता को पूर्ण सुरक्षा देने की मांग की।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजेश छैदईया ने केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उन्नाव रेप पीड़िता को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए और मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए। उन्होंने आरोपी भाजपा नेता कुलदीप सेंगर की पुनः गिरफ्तारी, कड़ी सजा सुनिश्चित करने, महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार की लापरवाही की निंदा, बलात्कारियों को राजनीतिक संरक्षण देने की मानसिकता का विरोध तथा महिला सुरक्षा कानूनों को और सख्ती से लागू करने की मांग रखी। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर युवा कांग्रेस बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
विरोध प्रदर्शन और केंडल मार्च में कांग्रेसजन दीपक गुप्ता, देवेंद्र वैष्णव, असद खोखर, इंद्रजीत सिंह, पोखराज बंजारे, ललित जायसवाल, मनीष साहू, अजय यादव, सागर सोनी, आयुष श्रीनेत सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसी और आमजन उपस्थित रहे।


