लोरमी:परिजन से मिले कांग्रेसी, 7 वर्षीय लापता बच्ची की बरामदगी को लेकर सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन


मुंगेली। ग्राम कोसाबाड़ी, थाना लोरमी की 7 वर्षीय मासूम बच्ची पिछले 5 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। इस गंभीर मामले में पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली सक्रिय हो गई है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने लापता बच्ची के परिजनों से मुलाकात की और उनके दुःख-दर्द को साझा किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (रा.) लोरमी को सौंपा।

इस दौरान घनश्याम वर्मा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “यदि प्रदेश के डिप्टी सीएम का विधानसभा क्षेत्र और केंद्रीय मंत्री का क्षेत्र ही सुरक्षित नहीं है, तो पूरे राज्य की सुरक्षा की क्या गारंटी दी जा सकती है?” उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति बताया।



ज्ञापन में मांग की गई है कि बच्ची की तलाश के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया जाए, उच्चस्तरीय अधिकारियों की निगरानी में जांच हो और पीड़ित परिवार को तुरंत सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से थानेश्वर साहू, संजीत बनर्जी, स्वतंत्र मिश्रा, नरेश पाटले,अभिलाष सिंह, मनीष त्रिपाठी, लखन कश्यप, विद्यानंद चंद्राकर, अरुण कुलमित्र, लक्ष्मी जायसवाल, अभिलाष जायसवाल, लल्ला ठाकुर, कृष्ण कुमार सोनी और नवनीत शुक्ला शामिल रहे।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!