
मुंगेली/रायपुर – राजधानी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय कत्थक कौशल महोत्सव 2025 में मुंगेली जिले की युवा कत्थक नृत्यांगना माही पाठक ने जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता कृष्णा ललित कला महाविद्यालय रायपुर द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से प्रतिभागी शामिल हुए थे।

माही पाठक की यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे मुंगेली जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपनी प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन करते हुए एक अलग पहचान बनाई। इससे पहले भी माही पाठक और उनकी बहन स्नेहा पाठक ने राजनांदगांव, भिलाई और पुणे में आयोजित राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिताओं में द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
माही पाठक ने हाल ही में आत्मानंद स्कूल, मुंगेली से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है और वर्तमान में अपनी कॉलेज शिक्षा जारी रखी है। उनकी डांस की शिक्षा उनकी बड़ी बहन स्नेहा शर्मा से मिली है, जो स्वयं एक प्रतिभाशाली कत्थक नृत्यांगना हैं और कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
माही के पिता पंडित राजू पाठक और माता स्वीटी पाठक ने माही की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। मुंगेली जिले के कलाकारों, सांस्कृतिक संगठनों और संगीत प्रेमियों ने माही को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह उपलब्धि न केवल एक व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि मुंगेली की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम भी है।


