
मुंगेली।
जिले में सट्टा और जुआ गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत 13 जनवरी 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल ने चूड़ी लाइन गोल बाजार और नगर पालिका स्कूल क्षेत्र से दो सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

मुखबिर की सूचना पर चूड़ी लाइन गोल बाजार मुंगेली में जाहिद अली (35 वर्ष) को सार्वजनिक स्थान पर अंकों पर रुपये-पैसे का लालच देकर सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 20 हजार रुपये नकद, सट्टा-पट्टी लिखी कागज की पर्ची एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 15/26 धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

इसी प्रकार नगर पालिका स्कूल के पास मुंगेली में राज सोनी (35 वर्ष) को क्रिकेट माजा इलेवन एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। उसके मोबाइल से सट्टा संबंधी व्हाट्सएप चैट व लेन-देन के साक्ष्य मिले। पुलिस ने सैमसंग मोबाइल (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) जब्त कर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 16/26 धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेजा गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


