
मुंगेली।
भगवान जगन्नाथ जी की पारंपरिक और भव्य रथयात्रा शुक्रवार को पूरे धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ दाऊपारा स्थित महामाई मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात रथयात्रा पड़ाव चौक होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुज़री। पूरे नगर में रथयात्रा को लेकर जबरदस्त जोश और भक्ति का माहौल रहा।
इस ऐतिहासिक यात्रा में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेश पाठक, एंड्रूज वार्ड पार्षद रोशन सोनी और पार्षद प्रतिनिधि सत्तू ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने यात्रा में भाग लेकर भगवान जगन्नाथ जी का आशीर्वाद लिया और नगरवासियों को शुभकामनाएं दीं।

विधायक पुन्नूलाल मोहले ने इस अवसर पर नगरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “रथयात्रा जैसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमारी परंपराओं को सजीव रखते हैं।”
जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने रथयात्रा की भव्यता की सराहना करते हुए आयोजन समिति को बधाई दी।
पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेश पाठक ने भी इस शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए नगरवासियों के सहयोग की सराहना की।
नगरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया, तोरण द्वार सजाए गए, फूल बरसाए गए और प्रसाद वितरण किया गया। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर ध्वनि ने पूरे नगर को भक्तिरस में रंग दिया।
यात्रा के सफल संचालन में कई धार्मिक, सामाजिक संगठनों एवं प्रशासन की भूमिका सराहनीय रही। सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे।
भगवान जगन्नाथ जी की इस रथयात्रा ने पूरे मुंगेली को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया और भक्ति, एकता और संस्कृति का सशक्त संदेश दिया।