ब्रेकिंग न्यूज

दिल्ली में लाल किले के पास भीषण धमाका, 10 की मौत – 24 घायल, एनआईए टीम मौके पर रवाना

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली आज शाम जोरदार धमाके से दहल उठी। लाल किले के पास स्थित इको वैन में अचानक हुए विस्फोट से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

धमाके के बाद मौके पर पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीम तुरंत पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड को सूचना शाम 6 बजकर 55 मिनट पर मिली थी। मृतकों के शवों को लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में लाया गया है, जहां घायलों का इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी 5-6 गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइटें भी टूट गईं। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से घेराबंदी कर दिया गया है और लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास यातायात रोक दिया गया है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और ब्लास्ट की प्रकृति की जांच में जुट गई हैं। शुरुआती जांच में यह कहा जा रहा है कि विस्फोट हाई इंटेंसिटी का था। विस्फोट की सही वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है।

सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक विशेष टीम भी मौके पर रवाना हो गई है, जो फोरेंसिक और तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी।

राजधानी के ऐतिहासिक और हाई-सिक्योरिटी जोन में हुए इस धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया: “विस्फोट की तीव्रता और नुकसान को देखते हुए किसी साजिश से इनकार नहीं किया जा सकता। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

फ़िलहाल पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!