
मुंगेली, 12 नवम्बर 2025।
जिला कलेक्टर कुंदन कुमार (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के संवाद सभा कक्ष में ‘पहल’ अभियान के तहत सामाजिक समरसता बनाये रखने हेतु सर्व समाज प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया अनुभाग से 150 से अधिक समाज प्रमुख एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक का उद्देश्य जिले में सामाजिक सौहार्द, नशामुक्ति, साइबर अपराध से बचाव और यातायात नियमों के पालन के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने समाज प्रमुखों को सामाजिक स्तर पर पहल करने, समाज में व्याप्त बुराइयों व कुरीतियों को दूर करने तथा साइबर ठगी और नशे के प्रलोभन से बचने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान समाज प्रमुखों ने साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति एवं महिलाओं-बच्चों से संबंधित अपराधों पर चर्चा की और अपने-अपने समाज में जनजागरूकता अभियान चलाने का आश्वासन दिया।
जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागियों को कम उम्र के बच्चों को वाहन न चलाने देने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडे, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल, हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
— संवाददाता, मुंगेली


