
युक्तियुक्तकरण निरस्त करने सहित अन्य प्रमुख मुद्दों को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन
मुंगेली, 09 जून 2025 //
प्रदेशभर के शिक्षकों द्वारा गठित शिक्षक साझा मंच के प्रांतीय आव्हान पर जिले के शिक्षक एक बार फिर से अपनी मांगों को लेकर संगठित हो रहे हैं। आगामी 10 जून को शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें युक्तियुक्तकरण निरस्त करने सहित कुल चार सूत्रीय मांगें शामिल हैं।
शिक्षक साझा मंच के प्रदेश सह-संचालक संजय उपाध्याय, अभिजीत तिवारी, मोहन लहरी एवं जिला संचालक बलराज सिंह, दीपक वेंताल, भूपेंद्र बंजारे, दिनेश निर्मलकर ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि जिले के समस्त शिक्षक सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होंगे, जहां से एक शांतिपूर्ण रैली निकालकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, शिक्षा सचिव तथा लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक के नाम ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।
ज्ञापन में शिक्षकों ने चार प्रमुख मांगों को शामिल किया है:
1. युक्तियुक्तकरण को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए, जो कि सेटअप 2008 की व्यवस्था के विपरीत है।
2. क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान के संबंध में हाईकोर्ट की डबल बेंच द्वारा पारित निर्णय के अनुरूप समस्त एलबी संवर्ग के शिक्षकों के लिए जनरल ऑर्डर जारी किया जाए।
3. पूर्व सेवा की गणना कर शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना एवं अन्य सेवा लाभ प्रदान किए जाएं।
4. पदोन्नति में B.Ed की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
साझा मंच के पदाधिकारियों ने जिले के समस्त शिक्षकों से समय पर उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आंदोलन शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और सेवा शर्तों में सुधार के लिए अत्यंत आवश्यक है।


