
लोरमी। ग्राम पंचायत जोतपुर, जनपद पंचायत लोरमी में मितानिन दिवस की 24वीं वर्षगांठ बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ विधिवत् रूप से की गई।
इसके पश्चात् मितानिन ब्लॉक समन्वयक पुष्पा जांगड़े, पंचायत समन्वयक चंद्रकला राजपूत, मितानिन एमटी आनंद खांडेकर, मितानिन बहनें—ललिता कुर्रे, राजकुमारी खांडेकर, तीजन टंडन एवं सरपंच प्रतिनिधि त्रिलोक कोशले द्वारा श्रीफल, तिलक एवं साड़ी भेंट कर मितानिनों का सम्मान किया गया।
संबोधन में मितानिन एमटी आनंद खांडेकर ने कहा कि गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में मितानिन बहनों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने बताया कि 2002 से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, मलेरिया, दस्त, टीबी, कुष्ठ सहित विभिन्न रोगों से लड़ने में मितानिनों ने अहम भूमिका निभाई है। आज वे मानसिक स्वास्थ्य से लेकर बीपी, शुगर जैसे मामलों में भी समुदाय को आवश्यक सेवाओं से जोड़ रही हैं। उन्होंने कहा—“मितानिन छत्तीसगढ़ का गौरव हैं, जिनके योगदान को इस वर्ष WHO ने भी वैश्विक स्तर पर सराहा है।”
कार्यक्रम को त्रिलोक कोशले, गोवर्धन जांगड़े और पुष्पा जांगड़े ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन हेमंत खांडेकर (युवा नेता) ने किया तथा आभार प्रदर्शन भुनेश्वर रात्रे (पंच) द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रबली चतुर्वेदी, किसान संघ जिला मंत्री अश्वा राम अनंत, पंच रेशम कोशले, राविशन घृतलहरे, सोनदास बंजारा, पूर्व पंच पोरेंद्रपाल डहरिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अगरमन गायकवाड, बिमला कांत, सक्रीय महिला उमा देवी पाटले, सुरेश कुर्रे, दिव्यांशु कोशले सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


