मुंगेली: नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान समारोह और घटते जलस्तर व बढ़ते हार्ट अटैक पर स्वास्थ्य संगोष्ठी का आयोजन


मुंगेली, 30 मार्च 2025: जिला मुंगेली में पहली बार नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम 31 मार्च को शाम 5 बजे से तत्वम् कायाकल्पम् USB सेंटर, घोरपुरा में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में पंच, उपसरपंच, पार्षद, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य, जिला सदस्य, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित 400 से अधिक नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत और सम्मान किया जाएगा। यह पहला अवसर है जब जिले के सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्रित होंगे।


घटते जलस्तर और बढ़ते हार्ट अटैक पर संगोष्ठी
सम्मान समारोह के बाद एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया है, जिसमें घटते जलस्तर और बढ़ते हार्ट अटैक की गंभीर समस्याओं पर चर्चा होगी। इस संगोष्ठी में आम जनता को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने बताया कि एक समय था जब नदियों और झरनों से पानी की आपूर्ति होती थी, फिर कुओं और बावड़ियों का दौर आया, और उसके बाद हैंडपंप और अब बोरवेल्स के जरिए पानी निकाला जा रहा है। लेकिन वर्तमान में 100 से 200 फीट गहरे बोरवेल्स भी सूख रहे हैं या सूखने की कगार पर हैं। यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो भूमिगत जल पूरी तरह समाप्त हो सकता है, जिसके परिणामस्वरूप प्रकृति और जीव-जंतुओं पर भयावह प्रभाव पड़ेगा। बड़े पेड़ सूख जाएंगे, धरती का तापमान बढ़ेगा और पारा 50 डिग्री से ऊपर जा सकता है।


विशेषज्ञों की मौजूदगी

इस संगोष्ठी में दिल्ली से पंचकर्म वैद्य श्री ब्रजमणी शास्त्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे बिना दवाइयों के 25,000 से अधिक लोगों के जटिल रोगों का सफल इलाज कर चुके हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री गौतम सिंह, जो स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में गौ सेवा समिति से जुड़े थे और आज भी समाज सेवा में सक्रिय हैं, तथा 105 वर्षीय योगाचार्य गजानन सिंह परिहार, जो पूर्णतः स्वस्थ हैं, मौजूद रहेंगे।


मुख्य अतिथि और आयोजक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री श्री पुन्नुलाल मोहले होंगे। इसकी अध्यक्षता जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) महोदय द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम का संयोजन और आयोजन तत्वम् कायाकल्पम् परिवार द्वारा किया जा रहा है।

आम जनता से अपील


आयोजकों ने आम जनता से अपील की है कि वे इस संगोष्ठी में अपनी लिखित राय के साथ शामिल हों, ताकि पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए सार्थक कदम उठाए जा सकें। यह आयोजन न केवल जनप्रतिनिधियों के सम्मान का मंच होगा, बल्कि गंभीर पर्यावरणीय और स्वास्थ्य चुनौतियों पर विचार-मंथन का अवसर भी प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!