मुंगेली:मतदान केन्द्रों में संचार व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश


नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के दौरान कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव और पुलिस अधीक्षक  भोजराम पटेल ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की।

संचार सुविधा को मजबूत बनाने पर जोर:

कलेक्टर राहुल देव ने सभी मतदान केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अचानकमार क्षेत्र के मतदान केन्द्रों में संचार सुविधा को मजबूत करने की आवश्यकता बताई ताकि मतदान के दौरान त्वरित सूचना मिल सके। साथ ही, ग्राम के कोटवारों से सतत् संपर्क बनाए रखने और सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने की बात कही।

सोशल मीडिया पर सख्ती:

कलेक्टर ने भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट, जातिगत टिप्पणी, अफवाहें और धार्मिक उन्माद फैलाने वालों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए विशेष टीम गठित करने की बात कही।

लॉ एंड ऑर्डर पर सख्ती:

उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकता सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किया गया है। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी प्रकार की राजनीतिक, शैक्षणिक, सामाजिक या धार्मिक सभा आयोजित नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश:

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने और बांड ओवर की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।

420 से अधिक बांड ओवर की कार्रवाई पूर्ण:

अब तक जिले के पथरिया, मुंगेली और लोरमी अनुविभागों में 420 से अधिक लोगों पर बांड ओवर की कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि 1,000 से अधिक मामलों में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

अधिकारियों को निर्देश:

कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर शीघ्र बांड ओवर की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।

शांति और निष्पक्ष चुनाव की अपील:
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।

अधिकारियों की उपस्थिति:
इस बैठक में वनमंडलाधिकारी  संजय यादव, जिला पंचायत सीईओ  प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर  जी.एल. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान, मुंगेली एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल, लोरमी एसडीएम  अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम  बी.आर. ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर  अजय शतरंज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!