मुंगेली पुलिस ने जुआरियों पर कसा शिकंजा, 11 गिरफ्तार

मुंगेली, 01 अप्रैल 2025 – पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार मुंगेली जिले में जुआरियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना चिल्फी पुलिस ने ग्राम घाटापानी में छापेमारी कर 11 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से ₹15,480 नगद व 52 पत्तों की ताश जब्त की।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

दिनांक 01 अप्रैल 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घाटापानी में स्कूल के पास कुछ लोग ताश के पत्तों में रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में तथा पुलिस उप अधीक्षक लोरमी श्रीमती माधुरी धिरही के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई।


टीम ने थाना चिल्फी स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देख कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, लेकिन 11 जुआरियों को मौके पर पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में लाभो घृतलहरे, मनिंदर उर्फ रज्जू बघेल, शैल कुमार भास्कर, लवसिंह खांडे, दिलीप मिरी, रमेश खांडे, भान प्रसाद टंडन, पतरेश पात्रे (सभी निवासी घाटापानी), विष्णु पात्रे (फुलझर), धर्मेंद्र काठले (हरदी) शामिल हैं।

आरोपियों पर मामला दर्ज

गिरफ्तार जुआरियों के खिलाफ थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 36/25, 37/25 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) तथा बीएनएसएस की धारा 170/126 (1), 135 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा, आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर मामला कार्यपालिक दंडाधिकारी लोरमी को भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक नंदलाल पैकरा (साइबर सेल प्रभारी), प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, दयाल गावस्कर, आरक्षक गिरीराज सिंह, हेम सिंह ठाकुर, अतुल सिंह, राजू साहू, भेसज पाण्डेकर, सउनि. लव सिंह ध्रुव, प्रधान आरक्षक चिंताराम कश्यप, आरक्षक मनीष प्रधान, प्रफुल्ल ठाकुर, बृजेश प्रधान व सैनिक पुन्नीराम मरकाम की अहम भूमिका रही।

मुंगेली पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!