मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अवैध रूप से इमारती लकड़ी का परिवहन करने वाला पकड़ा गया


दिनांक: 29 मई 2025 | स्थान: मुंगेली, छत्तीसगढ़

मुंगेली जिले में ऑपरेशन बाज के तहत पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही जारी है। इसी कड़ी में आज लोरमी थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है।

लोरमी-मुंगेली मार्ग पर ग्राम झाफल के पास चेकिंग के दौरान एक छोटा हाथी वाहन (क्रमांक CG 28 K 6315) को रोका गया। जांच में वाहन में अवैध रूप से भीरहा प्रजाति की इमारती लकड़ी हल्दु के कुल 07 नग बरामद किए गए। इन लकड़ियों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹40,000 बताई जा रही है।

वाहन चला रहा लालू राजपूत, उम्र 34 वर्ष, निवासी बिठलदा, थाना लोरमी एवं वाहन स्वामी त्रिभुवन सिंह राजपूत, निवासी बिठलदा के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही हेतु पूरा मामला वन विभाग लोरमी को सुपुर्द किया गया है।

यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन व उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में की गई।

ऑपरेशन बाज के अंतर्गत अन्य प्रमुख कार्यवाहियां:

  • सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 39 व्यक्तियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
  • एक कच्ची महुआ शराब विक्रेता एवं 04 शराब तस्करों के खिलाफ दो प्रकरणों में कार्यवाही कर उन्हें जेल भेजा गया।
  • दो सटोरियों को जुआ खेलते पकड़ा गया, जिन पर जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
  • शांति भंग करने वाले 30 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 17 प्रकरण दर्ज किए गए।
  • लापरवाही से वाहन चलाने के 20 मामलों में ₹6,000 की वसूली की गई।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें एवं मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं। इसके लिए लगातार जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

मुंगेली पुलिस का स्पष्ट संदेश: अवैध कार्यों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!