
कठिन परिश्रम और लगन से पाई बड़ी सफलता, युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
मुंगेली। जिले के तखतपुर क्षेत्र के बरेला निवासी आकाश अग्रवाल ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की उपाधि प्राप्त कर मुंगेली का मान बढ़ाया है। 3 नवंबर 2025 को घोषित सीए फाइनल परीक्षा परिणाम में आकाश ने ग्रुप-1 में सफलता हासिल की, जिससे उनकी लंबी और चुनौतीपूर्ण शैक्षणिक यात्रा पूर्ण हुई।
आकाश अग्रवाल की प्रारंभिक शिक्षा इन्फैंट हेवन पब्लिक स्कूल, तखतपुर से हुई। इसके बाद उन्होंने राज पब्लिक स्कूल, तखतपुर से 10वीं और सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, मुंगेली से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। बारहवीं के बाद उन्होंने सीए बनने का सपना देखा और पूरे समर्पण के साथ इसकी तैयारी शुरू की।

सीए फाउंडेशन की तैयारी उन्होंने बिलासपुर में नवीन मसीह सर के मार्गदर्शन में पूरी की। तत्पश्चात, सीए इंटरमीडिएट के दोनों ग्रुप उन्होंने रायपुर के एक्सेल इंस्टीट्यूट से एक साथ पास किए। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित तौंक खत्री एंड एसोसिएट्स में सीए विनोद खत्री और सीए हर्षित खत्री के निर्देशन में तीन वर्षीय आर्टिकलशिप पूरी की।
मई 2025 में दिए गए सीए फाइनल परीक्षा में उन्हें ग्रुप-2 में सफलता मिली, जबकि ग्रुप-1 में थोड़ी कमी रह गई। लेकिन हार न मानते हुए उन्होंने सितंबर 2025 में ग्रुप-1 की परीक्षा पुनः दी और 3 नवंबर को आए परिणाम में इसे भी उत्तीर्ण कर लिया।
आज आकाश पूर्ण रूप से योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट बन चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और पूरे जिले में खुशी की लहर है।
पिता मनोज अग्रवाल, माता मनीषा अग्रवाल, नाना-नानी, मामा-मामी (सरगांव), दादी, चाचा-चाची सहित पूरे परिवार ने उनकी इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया है।
आकाश अग्रवाल की यह यात्रा इस बात का प्रमाण है कि संकल्प, परिश्रम और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उनकी यह उपलब्धि मुंगेली के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
📍 रिपोर्ट – संवाददाता, मुंगेली


