होली मिलन समारोह में शामिल हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों ने मनाया रंगों का त्योहार

मुंगेली, 17 मार्च 2025 – मुंगेली चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में नगर के व्यापारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी एकत्रित हुए। इस आयोजन में नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने विशेष रूप से शिरकत की और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अनील सोनी, प्रेम आर्य, चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष राजकुमार वाधवा, नगर पालिका परिषद मुंगेली के उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और नगर के विकास व व्यापारिक सहयोग को लेकर सकारात्मक चर्चा की।


अपने संबोधन में रोहित शुक्ला ने कहा, “होली सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है। व्यापारियों और नागरिकों के सहयोग से नगर को नई ऊंचाइयों तक ले जाना हमारा संकल्प है।”


चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष राजकुमार वाधवा ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्यक्रम नगर के व्यापारियों और समाजसेवियों के बीच आपसी सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया है।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ नगर के प्रतिष्ठित व्यापारियों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने रंगों की होली खेलकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया और नगर के उज्जवल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!