जिला एवं सत्र न्यायालय, मुंगेली को आधुनिक सुविधाओं की नई सौगात,नवनिर्मित लॉयर्स हॉल और डिजिटल कंप्यूटर लैब का वर्चुअल शुभारंभ

मुंगेली, 05 मार्च 2025 – जिला एवं सत्र न्यायालय, मुंगेली में अधोसंरचना विकास के तहत अधिवक्ताओं और पक्षकारों की सुविधा के लिए नवनिर्मित लॉयर्स हॉल और डिजिटल कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया गया। इस नई सौगात का वर्चुअल उद्घाटन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के माननीय मुख्य न्यायाधीपति रमेश सिन्हा ने किया। इस अवसर पर मुंगेली जिले के पोर्टफोलियो न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री विभुदत्तागुरू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य न्यायाधीपति सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण देने के उद्देश्य से यह लॉयर्स हॉल बनाया गया है, जिससे वे न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें। उन्होंने अधिवक्ताओं से इस बार रूम को सुव्यवस्थित रखने और न्यायिक सेवा को बेहतर बनाने में अपना योगदान देने की अपील की। साथ ही, उन्होंने कहा कि डिजिटल कंप्यूटर लैब न्यायालय कर्मियों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों के लिए अत्यधिक लाभकारी सिद्ध होगी, जिससे आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर न्यायिक कार्यों में गति आएगी।


इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सी.के. अजगल्ले ने कहा कि माननीय मुख्य न्यायाधीपति और पोर्टफोलियो न्यायाधीश के मार्गदर्शन में मुंगेली न्यायालय परिसर अधोसंरचना की दृष्टि से पहले से अधिक विकसित हुआ है। उन्होंने इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों और न्यायिक प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

इस समारोह में जिला कलेक्टर राहुल देव, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी सहित न्यायिक अधिकारीगण, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य अधिवक्ता उपस्थित रहे। न्यायालय प्रशासन की ओर से न्यायालय प्रबंधक लोकेश देवांगन, प्रशासनिक अधिकारी जगदीश प्रसाद रजक सहित अन्य न्यायिक कर्मचारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

लॉयर्स हॉल और डिजिटल कंप्यूटर लैब की यह पहल न्यायिक सेवाओं को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!