नवनिर्वाचित सरपंच आरती त्रिलोक कोशले ने जनता को दिया जीत का श्रेय

लोरमी: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद ग्राम पंचायत जोतपुर में जश्न का माहौल है। पहली बार सरपंच पद पर विजय प्राप्त करने वाली आरती त्रिलोक कोशले का समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, आतिशबाजी और गुलाल के साथ ग्रामीणों ने विजयी जुलूस निकाला और जमकर खुशी मनाई।



जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प
जीत के बाद आरती त्रिलोक कोशले ने कहा, “यह जीत मेरी नहीं, बल्कि जनता की है। लोकतंत्र में आम आदमी को अपनी भागीदारी निभाने का अवसर मिलता है, और मुझे जोतपुर की जनता ने जो भरोसा दिया है, मैं उस पर पूरी तरह खरी उतरूंगी।” उन्होंने ग्राम विकास के लिए तन-मन-धन से कार्य करने का संकल्प लिया और कहा कि आने वाले समय में गांव के उत्थान के लिए कई विकास कार्य किए जाएंगे।



समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह
इस ऐतिहासिक जीत पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। प्रमुख रूप से चंद्रबली चतुर्वेदी, अश्वाराम अनंत, गिरवर कोशले, हेमंत खांडे, धरम कोशले, रमेश कोशले, भुनेश्वर रावल, राजेंद्र सोनकर सहित अनेक ग्रामीणों ने आरती त्रिलोक कोशले को बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

निर्वाचन अधिकारी ने सौंपा जीत का प्रमाण पत्र
आरती त्रिलोक कोशले को सरपंच पद का जीत प्रमाण पत्र तहसीलदार शेखर पटेल एवं जनपद पंचायत सीईओ पी.आर. घृतलहरे ने सौंपा। इस अवसर पर पंच पद पर निर्वाचित प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

ग्राम पंचायत जोतपुर के नागरिकों ने इस ऐतिहासिक जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए आरती त्रिलोक कोशले को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!