
मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के भोपाल से एक गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करते हुए, उसे बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सिटी कोतवाली मुंगेली में 29 अक्टूबर 2025 को प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अक्टूबर 2025 को उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया है। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 486/25, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
भोपाल से हुई बरामदगी और गिरफ्तारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में, पुलिस ने गुमशुदा बालिका और अज्ञात आरोपी की तलाश तेज कर दी। विवेचना के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम को भोपाल (मध्यप्रदेश) रवाना किया गया।
सघन जांच के बाद, 8 नवंबर 2025 को अपहृता/पीड़िता को रॉयल क्रिस्टल कॉलोनी, अवधपुरी (भोपाल) से आरोपी उमेश उर्फ विक्की राय (उम्र 19 वर्ष, निवासी नवागांव घुठेरा, मुंगेली) के कब्जे से बरामद किया गया।
पीड़िता के कथन और डॉक्टरी परीक्षण में यह प्रमाणित हुआ कि आरोपी उमेश उर्फ विक्की राय ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाया और लगातार उसका दैहिक शोषण (दुष्कर्म) किया।
इस खुलासे के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 64(1), 64(2)(ड) बीएनएस एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। मुंगेली पुलिस ने आरोपी उमेश उर्फ विक्की राय को विधिवत गिरफ्तार कर 10 नवंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्र.आर. दिलीप साहू, बालीराम ध्रुव, आर. जलेश्वर कश्यप, रामकिशोर कश्यप, बसंत डाहिरे और म.आर. वृंदा पन्द्राम का सराहनीय योगदान रहा।


