
मंडला/मुंगेली।
अचानकमार अभ्यारण्य क्षेत्र में स्थापित की जाने वाली महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा राजस्थान से लाई जा रही है। प्रतिमा के मध्यप्रदेश आगमन पर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग) एवं मंडला विधायक माननीय श्रीमती सम्पतिया उइके द्वारा अपने निवास स्थान मंडला में भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने प्रतिमा का विधिवत सम्मान करते हुए पूजा-अर्चना की और इसे जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संघर्ष और चेतना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा की स्थापना एक “स्मॉल स्टेप” जरूर है, लेकिन इसका प्रभाव दूरगामी होगा। यह प्रतिमा छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के वनांचल क्षेत्र अंतर्गत बिसौनी गांव में स्थापित की जा रही है, जो जनजातीय संस्कृति और इतिहास को नई पहचान देगी।
मंत्री उइके ने इस पुनीत कार्य के लिए प्रयास संस्था को बधाई देते हुए भविष्य में भी जनजातीय समाज के उत्थान हेतु वनांचल क्षेत्रों में निरंतर कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रयास संस्था के रामकिंकर परिहार से दूरभाष पर चर्चा कर संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और सभी सदस्यों को बधाई दी। मंत्री ने कहा कि देवतुल्य, भोले-भाले वनवासी बच्चों के लिए वनवासी विद्यालयों का संचालन करना एक सराहनीय और चुनौतीपूर्ण कार्य है। साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रयास संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी उन्होंने प्रशंसा की।

पूजा-अर्चना एवं सम्मान के पश्चात प्रतिमा को मुंगेली के लिए रवाना किया गया। इस स्वागत कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित लोधी, भाजपा नगर उपाध्यक्ष सचिन शर्मा सहित मंडला भाजपा के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिमा स्थापना को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और इसे जनजातीय समाज के गौरव एवं सांस्कृतिक चेतना के सशक्त प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।


