प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रोफेशनल मीट का आयोजन



मुंगेली में भाजपा नेताओं ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा को बताया ऐतिहासिक


मुंगेली।
जिला भारतीय जनता पार्टी द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल सामुदायिक भवन में आयोजित प्रोफेशनल मीट कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों और बदलावों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।”



उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भारत की राजनीतिक संस्कृति को बदला है और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह बनाया है। जहां पूर्ववर्ती सरकारें तुष्टिकरण और समाज को खंडित कर सत्ता में बनी रहती थीं, वहीं 2014 के बाद आई मोदी सरकार ने रिपोर्ट कार्ड की राजनीति शुरू की है।

पूर्व विधायक शर्मा ने अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) लागू करने और महिलाओं को विधायी निकायों में 33% आरक्षण देने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों को मोदी सरकार की दूरदर्शिता और साहसिकता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह अमृतकाल है और पिछले 11 वर्षों में आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखी गई है।

सेवा और सुशासन की यात्रा का प्रतीक बनी सरकार : पुन्नूलाल मोहले


कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की जो यात्रा तय की है, वह ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि सरकार अब केवल सत्ता नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बन गई है और सुशासन शासन की संस्कृति बन चुका है।

मोहले ने कहा कि बीते 11 वर्षों में मोदी जी ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त कर एक विकसित भारत और श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षों के लिए केंद्र सरकार की विस्तृत कार्ययोजना आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर होगी।


प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ, गणमान्यजन रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने 11 वर्ष के विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले, गिरीश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, शैलेश पाठक, संकल्प से सिद्धि अभियान संयोजक गुरमीत सलुजा, द्वारिका जायसवाल, सौरभ बाजपेयी, राजीव श्रीवास, नागेश्वर जायसवाल, अभिलाष द्विवेदी, मोहन मल्लाह,अमितेश आर्य समेत अनेक गणमान्य नागरिक एवं व्यवसायी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सुनील पाठक ने किया तथा आभार जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!