
रामगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष रामगढ़ खर्राघाट में तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। तीनों दिनों तक शाम के समय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। मेले में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा मेला परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों और स्टालों की भी आकर्षक सजावट की गई थी, जहां ग्रामीणों ने खरीदारी का आनंद लिया। झूले, खान-पान के स्टाल और मनोरंजन के साधनों ने बच्चों और युवाओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।

हालांकि मेले के समापन के बाद मेला परिसर में काफी मात्रा में गंदगी फैल गई थी। इसे देखते हुए सरपंच प्रतिनिधि प्रह्लाद यादव ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए स्वयं अपनी टीम के साथ सफाई अभियान की शुरुआत की और पूरे परिसर की सफाई कराई। इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की और इसे जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया।

इस सफाई अभियान में परमेश्वर चंद्राकर (सचिव), राजेन्द्र यादव, रवि साहू, राजू यादव, धनराज छोटू यादव, भागवत बनजारा, बिल्लू यादव, सुनील गंधर्व, पिलाराम साहू, जगदीस सोनकर, राजेन्द्र, सत्रुहन यादव, बुधराम सोनकर एवं दानियाल सहित अन्य ग्रामीण सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों के बाद सफाई व्यवस्था बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है, और जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वयं आगे बढ़कर सफाई करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। इस पहल से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित हुआ।


