
बस्तर:
बस्तर कलेक्टर हरिस एस ने महतारी वंदन योजना में सामने आई अनियमितताओं पर सख्त कदम उठाते हुए संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते को सीज करने, वसूली की कार्यवाही शुरू करने और धोखाधड़ी में शामिल व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

सनी लियोन के नाम पर जमा हुए 1000 रुपये:
जिला कार्यक्रम अधिकारी के अनुसार, मीडिया में आई खबर के बाद जांच शुरू हुई जिसमें पता चला कि ग्राम तालुर में सनी लियोन के नाम से फर्जी पंजीकरण किया गया था। यह पंजीकरण ग्राम की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वेदमती जोशी की आईडी से हुआ था।
धोखाधड़ी और अनुशासनात्मक कार्रवाई:
जांच में खुलासा हुआ कि वीरेंद्र जोशी नामक व्यक्ति ने जालसाजी करते हुए अवैध तरीके से योजना की राशि अपने बैंक खाते में जमा करवाई। मामले में उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है और वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और तत्कालीन पर्यवेक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की तत्परता:
महिला और बाल विकास विभाग ने इस मामले में कड़ी कार्यवाही करते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए।


