
मुंगेली | 26 जनवरी 2026
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सेवा भारती समिति, मुंगेली को रक्तदान सहित विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस गरिमामय अवसर पर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने सेवा भारती समिति को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अतिथियों ने सेवा भारती समिति द्वारा निरंतर किए जा रहे रक्तदान, जनसेवा, सामाजिक जागरूकता एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस सम्मान समारोह में एक अलग और खास संयोग भी देखने को मिला। सेवा भारती समिति को सम्मानित किए जाने हेतु जो टोकन प्रदान किया गया, उस पर क्रमांक 77 अंकित था। 77वें गणतंत्र दिवस पर 77 अंक का यह संयोग उपस्थित जनसमूह के बीच चर्चा का विषय बना और सभी ने इसे शुभ संकेत के रूप में देखा।
इस अवसर पर सेवा भारती मुंगेली के प्रतिनिधि आकाश सोनी ने बताया कि सेवा भारती समिति पिछले 12 वर्षों से लगातार रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय है और मुंगेली जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता (अलख) जगाने वाली प्रमुख संस्था के रूप में कार्य कर रही है। समिति अब तक लगभग 8 हजार जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराकर जीवनदान दिला चुकी है।
उन्होंने बताया कि मुंगेली जिले में थैलेसीमिया एवं सिकल सेल बीमारी से ग्रसित सभी बच्चों को गोद लेकर नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही ठंड के मौसम में वनांचल क्षेत्रों में कंबल एवं गर्म कपड़ों का वितरण, जबकि गर्मी के दिनों में गौमाता एवं बेजुबान पशुओं के लिए पानी की कोटना व्यवस्था निरंतर की जाती है।
सेवा भारती समिति द्वारा यातायात पुलिस के सहयोग से दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु गौमाता को रेडियम बेल्ट बांधने का कार्य भी किया जा रहा है। साथ ही हाल ही में समाज के बौद्धिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए निःशुल्क “श्री माधव वाचनालय” का शुभारंभ किया गया है। इस वाचनालय में इतिहास एवं देश के वीर क्रांतिकारियों के जीवन से संबंधित लगभग 500 पुस्तकें उपलब्ध हैं। कोई भी नागरिक निःशुल्क आकर इसका लाभ ले सकता है।
माधव वाचनालय का स्थान पुराना बस स्टैंड स्थित नगर पालिका स्कूल के पीछे निर्धारित किया गया है।
सेवा भारती समिति के सदस्यों ने इस सम्मान को पूरे संगठन, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया तथा भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।


